Railway NTPC Apply : रेलवे में क्लर्क के 3058 पदाें पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 27 नवंबर तक लिए जाएंगे आवेदन
रेलवे में एनटीपीसी के तहत 3,058 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर, 2025 है। इस बार सबसे अधिक रिक्तियां वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क के लिए 2,424, लेखा लिपिक सह टंकक के लिए 394, कनिष्ठ लिपिक सह टंकक के लिए 163 और रेल लिपिक के लिए 77 हैं। आरआरबी प्रयागराज के तहत 303 पद भरे जाने हैं। इनमें वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क के लिए 293, कनिष्ठ लिपिक सह टंकक के लिए आठ और रेल लिपिक के लिए दो पद शामिल हैं।

इन पदों पर भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं कक्षा है। लेखा लिपिक, कनिष्ठ लिपिक और रेल लिपिक के लिए कंप्यूटर टाइपिंग का ज्ञान आवश्यक है। अंग्रेजी में टाइपिंग की गति 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण डेढ़ घंटे का कंप्यूटर आधारित टेस्ट-1 (सीबीटी-1) होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी। कुल 100 प्रश्न पूछे जाएँगे, जिनमें सामान्य जागरूकता से 40, गणित से 30 और सामान्य बुद्धि एवं तर्कशक्ति से 30 प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा।
सीबीटी-1 की मेरिट के आधार पर, रिक्त पदों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थी सीबीटी-2 के लिए अर्ह होंगे। सीबीटी-2 भी डेढ़ घंटे की अवधि का होगा, जिसमें 120 प्रश्न होंगे। सामान्य जागरूकता से 50, गणित से 35 और तर्कशक्ति से 35 प्रश्न पूछे जाएँगे। लेखा लिपिक और कनिष्ठ लिपिक के पदों के लिए टाइपिंग कौशल परीक्षा होगी। यह परीक्षा अर्हक होगी। इसमें उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा, लेकिन इसके अंक मेरिट सूची में नहीं जोड़े जाएँगे।







